हमीरपुर। प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी और उत्तराधिकारी कल्याण संघ जिला हमीरपुर की बैठक रविवार को जिला प्रधान देशराज ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेशाध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों की समस्याओं और मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसमें स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड का शीघ्र गठन करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। तहसील टौणी देवी के तहत भटेढ़ गांव की मंशा देवी और कठियार गांव के रंगीला राम की मृत्यु के बाद मिलने वाली दाह संस्कार की राशि शीघ्र पीड़ित के परिवार को दी जाए। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सरकारी कार्यालय में परेशान न करने, स्वतंत्रता सेनानी और पत्नी की मृत्यु होने पर उनकी देह को सरकार की ओर से नियुक्त अधिकारियों की ओर से तिरंगा ओढ़ा कर सम्मानित करने, प्रत्येक स्वतंत्रता सेनानी के घर को ऐतिहासिक दर्जा देने, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को मिलने वाले आरक्षण को दो पीढ़ी तक बढ़ाने और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को राजस्व रिकार्ड में दर्ज करने आदि प्रस्ताव पारित किए गए। इस मौके पर जिला महासचिव नरेश शर्मा, खंड सुजानपुर के प्रधान कश्मीर सिंह, कोषाध्यक्ष हरीश नंदा, अशोक कंवर, प्रकाश राणा, विनोद कुमार, राजकुमार, नीलम ठाकुर, यशवीर पटियाल आदि मौजूद रहे।