नादौन (हमीरपुर)। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ नादौन इकाई की बैठक यशपाल साहित्य सदन नादौन में मंगलवार को हुई। इसकी अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने की। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि आईपीएच के पंप हाउसों में पंखे, कुर्सियां और टेबल की उचित व्यवस्था नहीं है। जिस वजह से पंप हाउसों में कार्यरत कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए पंप हाउसों में इस सामान की व्यवस्था की जाए। बैठक में सर्वसम्मति से पारित अन्य प्रस्तावों में सरकार से मांग की गई कि कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ बहाल किया जाए, ग्रेडिंग सिस्टम को लागू किया जाए, पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए, विभिन्न विभागों के कार्यालयों में रिक्त पड़े पदों को भरा जाए, लोक निर्माण विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को जूते उपलब्ध करवाए जाएं। आईपीएच और शिक्षा विभाग के पार्ट टाइम कर्मचारियों और जलरक्षकों का मानदेय बढ़ाया जाए। महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि महासंघ ने सर्वसम्मति से पारित विशेष प्रस्ताव में सरकार से आग्रह किया है कि कर्मचारियों को महंगाई भत्ता जनवरी 2018 से दिया जाए।