जलाड़ी (हमीरपुर)। एनएच-70 पर जलाड़ी के जजोली चौक पर अनियंत्रित कार पुली से टकरा कर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार में सवार महिला और पुरुष घायल हुए हैं। घायलों को सड़क से गुजर रहे अधिवक्ता वीरेंद्र शर्मा ने अपनी कार में नादौन अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायलों को उपचार के लिए दाखिल किया गया है। शनिवार शाम करीब चार बजे नादौन से हमीरपुर की ओर जा रही कार अचानक पुली से टकराकर पलट गई। पुली से टकराते ही कार का अगला बायां टायर धमाके के साथ फट गया। कार के पलटते ही पास ही दिहाड़ी पर काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़े और उन्होंने कार में फंसे महिला और पुरुष को कार से बाहर निकाला। दोनों को कार से निकालने के बाद कार को सीधा किया गया। नादौन अस्पताल के डा. बीएस राणा ने बताया कि घायलों की हालत ठीक है और उपचार जारी है।