हमीरपुर। सांसद स्टार खेल महाकुंभ के हमीरपुर ब्लॉक की खेलों में वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में युवक मंडल पटियाहू ने ग्राम पंचायत डुढान को हराया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जबकि विशिष्ट अतिथि विधायक नरेंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री उपस्थित हुए। स्थानीय रावमापा बाल हमीरपुर के खेल मैदान में आयोजित करवाए जा रहे इन मैचों में खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला। मुख्यातिथि धूमल ने संबोधित करते हुए कहा कि खेल महाकुंभ से जो प्रतिभावान खिलाड़ी निकलेंगे वे आगे जाकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। धूमल ने कहा कि सांसद स्टार खेल महाकुंभ सांसद अनुराग ठाकुर की हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवाओं के प्रति दूरदर्शी सोच का प्रमाण है, जिसके माध्यम से जहां उन्होंने पंचायत स्तर से युवाओं को प्रतिभा दिखाने मौका दिया है, वहीं प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण देने की भी योजना बनाई है। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर की इस पहल के लिए उनकी सराहना की। इस मौके पर विधायक नरेंद्र ठाकुर व पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने भी संबोधित किया। सांसद स्टार खेल महाकुंभ के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने बताया कि इस दौरान स्टार ऑफ द मैच भी चुने गए, जिन्हें विशेष टी-शर्ट से नवाजा गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव विजयपाल पाल सोहारू, जिला भाजपा महामंत्री अजय शर्मा, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष प्यारेलाल शर्मा के अतिरिक्त अन्य पदाधिकारी व युवा वर्ग उपस्थित रहा।