भोटा (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग 503-ए के तहत शुक्रवार देर रात शुक्रखड्ड पुल से एक युवक नीचे गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी भोटा पहुंचाया और वहां से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है।
गंभीर घायल युवक मनोज कुमार (38) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी गांव पाहलू जल शक्ति विभाग में बतौर वाटर गार्ड तैनात है। मनोज कुमार शुक्रवार शाम घर से शुक्रखड्ड के लिए आया था। रात के लगभग 8:30 बजे उसने अपनी माता को यह कहकर फोन किया था कि आज मैं ढकावा में पेयजल स्कीम पर रात्रि ड्यूटी दूंगा और रात को घर नहीं आऊंगा। इसके बाद मनोज कुमार टहलने के लिए पुल की ओर गया और वहां पर असंतुलित होकर नीचे जा गिरा। पुल से नीचे गिरने पर उसके सिर, कान और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुल से नीचे गिरने के बाद मनोज कुमार घायल अवस्था में अगली सुबह तक वहां पर ही पड़ा रहा। सुबह लगभग 4 बजे घनसूई गांव के निवासी पवन कुमार पुत्र हरसुख ने उसे वहां पड़े हुए देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस सहायता कक्ष के प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस ने उसे वहां से उठाकर प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी भोटा लाया और वहां पर उसके बयान कलमबद्ध किए। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।