हमीरपुर। लोकसभा चुनाव के तहत हमीरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों के चुनावी व्यय रजिस्टर का निरीक्षण शनिवार को हमीर भवन में आयोजित बैठक में किया गया। इसकी अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक मोहम्मद रिजवान ने की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रत्तन गौतम सहित चुनावी व्यय निगरानी समितियों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। रिजवान ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी प्रत्याशियों को नामांकन के बाद तीन बार अपने चुनावी व्यय रजिस्टर का निरीक्षण करवाना अनिवार्य है। इसी क्रम में यह दूसरा निरीक्षण शनिवार को किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रत्याशियों की ओर से दैनिक आधार पर किए जा रहे लेन-देन का मिलान व्यय निगरानी समिति के शेडो रजिस्टर से किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वह चुनावी व्यय में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही गंभीरता से ली जाएगी और ऐसे मामलों में नियमानुसार नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।