नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय बस स्टैंड के गेट के सामने एनएच-88 पर पड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। इनकी मरम्मत को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्य प्रणाली की पोल खुलकर सामने आ रही है। इन गड्ढों को विभाग ने बीते डेढ़ माह पहले ही मरम्मत करके भरा था लेकिन, अब उसी स्थान पर पहले से भी बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और विभाग इससे अनभिज्ञ बना हुआ है। इस स्थान पर चारों ओर शहर की व्यस्त मार्केट है और वाहनों की रफ्तार इस स्थल पर आकर रुक जाती है। अब इन गड्ढों में भरा पानी राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। वहीं, दोपहिया वाहन यहां पर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय बस स्टैंड के निकासी द्वार के सामने पड़ने वाले गड्ढों का मुख्य कारण एनएच-70 की ओर से आने वाले निकासी नालियों के पानी का सड़क पर फैलना है। विभाग ने इस स्थल पर एनएच-70 की ओर तो सड़क किनारे पक्की नालियां बना दी हैं, परंतु इन्हें आगे एनएच-88 से मिलाने के लिए पूरा प्रबंध नहीं किया है। इस कारण आगे बंद पड़ी नालियों से यह गंदला पानी उछल कर सड़क पर फैलकर मार्ग को क्षतिग्रस्त कर देता है। लोगों में शुभम, नवीन, राजकुमार, वीरेंद्र आदि ने मांग की है कि विभाग इस ओर शीघ्र ध्यान दे। इस संबंध में एसडीओ एनएच दीपक कपिल का कहना है कि समस्या विभाग के ध्यान में है। जल्द ही सड़क पर पैचवर्क करवा दिया जाएगा।