हमीरपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कार्यान्वयन के लिए गठित जिलास्तरीय उज्ज्वला समिति की बैठक बुधवार को एडीसी मनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.00 की अवधि तीन वर्षों के लिए बढ़ाई गई है। जिला हमीरपुर में इस समय लगभग 1,51,000 राशनकार्ड परिवार हैं, जबकि 1,57,000 गैस कनेक्शन हैं। इस प्रकार हमीरपुर जिला घरेलू गैस कनेक्शन के संदर्भ में सेचुरेशन स्टेज (चौथी स्टेज) पर पहुंच चुका है।
इस समय मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत घरेलू गैस कनेक्शन के लिए लगभग 2214 आवेदन पत्र लंबित हैं। एडीसी ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इन सभी लंबित एवं पात्र आवेदनों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.00 के तहत प्राथमिकता के आधार पर मुफ्त घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.00 की अवधि बढ़ने के संबंध में आम लोगों को अवगत करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें। बैठक में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अरविंद शर्मा ने योजना के संबंध में विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।
समाचार : सोनम शर्मा