भोरंज (हमीरपुर)। कॅरिअर प्वाइंट विश्वविद्यालय भोरंज ने पिछले दो सालों से मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे उन्नत भारत अभियान के तहत वर्ष 2019 में पांच गांव टकोता, माहलियां, वलोह, कस्याना, कोटलू गोद लिए हैं। उन्नत भारत के समन्वयक ने बताया कि सभी गांवों का घर-घर जाकर निरीक्षण किया गया है, जिसमें सभी विभागों के एनएसएस के स्वयंसेवियों के साथ-साथ प्राध्यापकों ने भाग लिया। ग्रामीणों को उन्नत बनाने के लिए हर गांव की समस्याओं का निरीक्षण किया गया तथा समस्याओं को देखते हुए हर गांव के लिए प्रोजेक्ट तैयार किए गए। इन प्रोजेक्टों में पत्तों से पत्तल बनाने के प्रोजेक्ट की स्वीकृति मिल गई है और यह प्रोजेक्ट कोट गांव में चल रहा है। यह प्रोजेक्ट गांव के स्वयं सहायता समूह की ओर से चलाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत गांव की 13 महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। गांव में पत्तों से पत्तल बनाने का जो परंपरागत तरीका लुप्त हो गया है उसे फिर से जिंदा करना है। उन्नत भारत अभियान का मकसद ग्रामीण विकास के लिए उच्च शैक्षणिक संस्थाएं, स्थानीय ग्रामीण समुदाय और लोगों को अच्छी पढ़ाई, कौशल विकास का मौका देना व विकसित करना है। इससे पूर्व वर्ष 2018 में पांच गांव टिक्कर, कोट, भ्याड, लठवाण व डुंगरी को गोद लिया था।