बिझड़ी (हमीरपुर)। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर भी नजर आ रहा है। बुधवार को व्यापार मंडल बिझड़ी के सदस्यों के साथ अन्य लोगों ने तिरंगा यात्रा निकाली और पाकिस्तान का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान युवा लोग तिरंगा लहराते हुए कुआं चौक तक आए और वहां नारेबाजी के बीच पाकिस्तान का झंडा और आतंकवाद का पुतला फूंका। व्यापार मंडल प्रधान बब्बी शर्मा, आशू शर्मा, संजय शर्मा, सतीश ठाकुर आदि ने कहा कि पाकिस्तान सब्र का इम्तिहान ले रहा है। वह एक तरफ तो बातचीत का राग अलापता है, दूसरी तरफ कायराना हमलों से बाज नहीं आ रहा। इसलिए जरूरत इस समय पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने की है।