बिझड़ी (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम डिपो हमीरपुर की बस में ठूंस-ठूंस कर सवारियां भरी जा रही हैं। बरठीं से चंडीगढ़ रूट पर जाने वाली 42 सीटों वाली बस में सोमवार को 76 यात्री चढ़ा लिए गए। इस कारण बस के अंदर धक्कामुक्की होती रही। इसके साथ ही अधिक सवारियां बैठाकर बस आपरेटर सवारियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। हालांकि, इससे पहले यह बस घोड़ीधवीरी से चंडीगढ़ रूट पर चलती थी लेकिन, रूट परिवर्तित करने के कारण अब यह बरठीं से चंडीगढ़ के लिए चल रही है। इसी रूट को परिवर्तित करने पर शनिवार शाम को क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने बिझड़ी में प्रदर्शन भी किया था। जिसमें एक दर्जन लोगों पर केस दर्ज हुआ है। जब यह बस घोड़ीधवीरी से चंडीगढ़ के लिए चलती थी तो इसमें काफी सवारियां हो जाती थीं। लोगों का कहना है कि अब बरठीं से ही बस फुल होकर आ रही है और घोड़ीधवीरी, बिझड़ी, गारली, महारल आदि के लोगों को इस बस की सुविधा नहीं मिल रही है। जबकि क्षेत्र से चंडीगढ़ के लिए यह एकमात्र बस है। लोगों ने निगम प्रबंधन से रूट को घोड़ीधवीरी से करने या इस रूट पर नई बस सेवा शुरू करने की मांग की है। वहीं, लोगों ने बरठीं से होशियारपुर रूट पर बंद पड़ी बस सेवा को भी बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर बस में ऐसे ही ओवरलोडिंग होती रही तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सोमवार को भी क्षमता से दोगुना यात्रियों को इस बस में बैठाया गया। जब तक बस बिझड़ी पहुंची तो फुल हो चुकी थी और बस का इंतजार कर रहे करीब एक दर्जन लोग गंतव्य तक जाने से वंचित रह गए। उधर, आरएम हमीरपुर अनूप राणा ने कहा कि उन्हें इसकी सूचना नहीं मिली है। वहीं डीएम अवतार सिंह ने कहा कि होशियारपुर बरठीं रूट चलाए जाने की मांग आती है तो इस बारे में पता कर विचार किया जा सकता है।