नादौन(हमीरपुर)। डीडीएम साईं लॉ कॉलेज कल्लर जलाड़ी के प्रशिक्षुओं ने नादौन कोर्ट में लगी राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही का अध्ययन किया। माननीय न्यायाधीश सुभाष चंद्र भसीन की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत में कॉलेज में अध्ययनरत प्रथम वर्ष के विद्यार्थी विशेष तौर पर पहुंचे। इस अवसर पर एडवोकेट सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को लोक अदालत के महत्व बारे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत त्वरित न्याय प्रदान करने तथा आपसी सहमति से मामलों को निपटाने में काफी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। उन्होंने जानकारी दी कि इस अदालत में कोर्ट में लंबित चल रहे 18 फौजदारी तथा 35 दीवानी मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया है।