हमीरपुर। नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर के सौजन्य से तीन दिवसीय युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि एसडीएम हमीरपुर अरिंदम चौधरी ने किया। इसमें मौके पर विकास खंड अधिकारी रेखा कुमारी व नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर के जिला युवा समन्वयक डॉ. लाल सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि युवाओं को जीवन में कुछ नया करने के लिए अग्रसर रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं को नेतृत्व एवं आत्मविश्वास जैसे गुणों को अपने जीवन में ढालने के लिए प्रेरित किया। बीडीओ रेखा कुमारी ने ब्लॉक व पंचायत से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने विभाग की विभिन्न स्कीमों के बारे में युवाओं को बताया। उद्योग विभाग से आए गुरु लाल नेगी ने सभी को उद्योग विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से डीएसओ सुदेश धीमान ने सभी को खेल भावना के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर स्वयंसेवी अंकिता, अंजलि, शुभम, चंदन, अमित ठाकुर, अमित चौहान, ज्योति शर्मा, चुन्नी लाल, अंकुश व सफल डोगरा मौजूद रहे।