हमीरपुर। नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर और जय भीम युवा मंडल समिति अणु के सौजन्य से वीरवार को गांधी चौक पर मतदाता जागरूकता के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में उपायुक्त संदीप कदम, एसडीएम अरिंदम चौधरी ने भी हस्ताक्षर कर लोगों को मतदान में सौ फीसदी भागीदारी के लिए जागरूक किया। नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर के स्वयंसेवी चुनी लाल व सफल डोगरा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में जिलाभर के लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर लोगों ने चुनावों के दौरान मत डालने के लिए हस्ताक्षर किए। इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र के पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवी पल्लवी देवी, रजनी देवी, अंजलि ठाकुर आदि मौजूद रहे।