नेशनल योग प्रतियोगिता में भाग लेंगे कक्कड़ स्कूल के छात्र
टौणी देवी(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कक्कड़ के चार छात्र राष्ट्रस्तरीय योग प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंडर-14 आयु वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन सात से 11 नवंबर तक छत्तीसगढ़ के दुर्ग में किया जाएगा। जिसमें स्कूल की छात्राएं शिवानी भारद्वाज व स्नेहा और छात्र विकास व अजय प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेेंगे। छत्तीसगढ़ जाने से पूर्व छात्र 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक बिलासपुर में आयोजित होने वाले कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण लेंगे। कोचिंग कैंप के लिए चारों छात्र शुक्रवार को बिलासपुर रवाना हो गए हैं। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने कहा कि बच्चों का राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना स्थानीय इलाके, जिला व प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय बच्चों, उनके अभिभावकों व शारीरिक शिक्षा के अध्यापक शशि कुमार सहित अन्य अध्यापकों को दिया है।