औद्योगिक क्षेत्र में सामने आई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। नादौन शहर के साथ सटे औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक आटा मिल से चोरों ने 20 क्विंटल गेहूं की चोरी कर ली है। फ्लोर मिल में एक माह में गेहूं की चोरी की लगातार यह तीसरी घटना है। मिल के मलिक राजकुमार शर्मा तथा कुलदीप शर्मा ने बताया कि घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला जब वह सवेरे मिल में पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले ही गेहूं की खेप मिल में पहुंची थी और गोदाम में दोनों तरफ बोरियों की लाइन लगी हुई थी। उन्हें आशंका तब हुई जब उन्होंने देखा कि एक साइड की लाइन काफी नीचे आ गई है। जब गहनता से जांच की गई तो पाया कि करीब 20 क्विंटल गेहूं की बोरियां वहां से गायब हैं। उन्होंने बताया कि अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं लेकिन उन्हें ढक दिया गया था। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी यहां छोटी चोरियां होती रही है परंतु वे नजरअंदाज करते रहे लेकिन इस बार यहां चोरों ने काफी बड़ी सेंधमारी की है। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन बाबूराम शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज करके आगे छानबीन की जा रही है।