गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया 95 फीसदी करने का लक्ष्य
गर्भवती महिलाओं और बच्चे के टीकाकरण का डाटा एक्सेल शीट पर पंजीकृत करने के आदेश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को जिलास्तरीय मासिक समीक्षा बैठक में की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को जिलास्तरीय मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने मातृ एवं शिशु सेवाओं को किस तरह से सुदृढ़ किया जाए, इस बारे में चर्चा की। गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया 93 फीसदी हो गई और इसे 95 फीसदी तक करने के आदेश दिए गए। वहीं, बच्चों का टीकाकरण पूरा हो, इसके लिए भी कार्य किया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं के रक्तचाप, शुगर की जांच और एनीमिया की स्क्रीनिंग को तेज करने को कहा गया। सभी गर्भवती महिलाओं को सभी दवाइयां और टेस्ट फ्री हों, इसकी सुनिश्चितता की जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में पानी के 49 सैंपल लिए गए थे। इनमें से छह पानी के सैंपल असंतोषजनक पाए गए हैं। वहीं, 20 पानी के सैंपल संदिग्ध पाए गए हैं। 60 फीसदी पानी के सैंपल ठीक नहीं है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बरसात शुरू होने जा रही है। बरसात में होने वाली आपदा के लिए पहले से योजना बना कर रखें। सभी गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण व बच्चे के टीकाकरण का डाटा समय पर एक्सेल शीट पर पंजीकृत करें और जो टीकाकरण से छूटे हुए बच्चे हैं उन्हें समय पर टीकाकरण करवाएं। गर्मियों के मौसम में दस्त रोग के कुशल प्रबंधन के लिए ओआरएस, जिंक, क्लोरीन की गोलियां आदि समस्त सामग्री का स्वास्थ्य संस्थान में समुचित भंडारण की उपलब्धता सुनिश्चित करें।