डिडवीं-टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत डिडवीं-टिक्कर के गांव डिडवीं में मुख्य पेयजल पाइप से लीकेज हो रही है। इससे सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। पिछले कई दिनों से यह समस्या ऐसी ही बनी हुई है। गर्मी के मौसम में वैसे भी पेयजल की समस्या रहती है। कई गांवों में लोगों को पानी पीने के लिए नहीं मिल रहा। लोगों को दूरदराज स्थित प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है लेकिन, डिडवीं गांव में मुख्य पेयजल पाइप से पानी व्यर्थ बह रहा है। लीकेज होने से गांव में पेयजल सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने विभाग से समस्या के समाधान की मांग उठाई है। इस संबंध में आईपीएच विभाग भोटा के कनिष्ठ अभियंता नवीन कुमार ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।