बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चल रहे चैत्र माह मेलों के दौरान रविवार को एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस को कड़ी चौकसी के निर्देश दिए। मेलों के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के लिए पुलिस प्रशासन को दिशा-निर्देश जारी किए। इस मौके पर डीएसपी जसवीर सिंह भी उपस्थित रहे। उधर, बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के अध्यक्ष एवं एसडीएम विशाल शर्मा ने भी रविवार को मंदिर परिसर का दौरा किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के लिए अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कही।
---