गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत खड्ड में खनन करते तीन ट्रैक्टर चालकों को पकड़ कर मौके पर ही चालान काटकर 15,300 रुपये वसूले हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने बिना हेल्मेट और दोपहिया वाहन पर तीन सवारियां बैठाने पर चार वाहन चालकों के चालान काटकर 600 रुपये वसूले हैं। इसी के साथ गलोड़ टैक्सी चालकों ने एक निजी वाहन चालक को सवारियां ले जाते हुए गलोड़ बाजार में रोककर पुलिस के हवाले किया। पुलिस चौकी गलोड़ प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर निजी वाहन चालक का 2000 का चालान किया गया और आगे से निजी वाहन में सवारी न ले जाने की चेतावनी दी गई। खड्डों में अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी ट्रैक्टर चालक अवैध खनन करते हुए पकड़ा जाएगा उस पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।