अमर उजाला ब्यूरो
बिझड़ी (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल कोटला के पास स्थित अंधे मोड़ पर डंगा नहीं लगने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस स्थान पर एक महीने में ही तीन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसी स्थान पर एक व्यक्ति अपनी टांग गवां चुका है और दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर भी हो चुकी है। इसमें दोनों वाहन चालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। इसके बावजूद संबंधित विभाग अनजान बना हुआ है। ग्राम पंचायत बाहल दलचेहड़ा के उपप्रधान संजीव जरयाल ने बताया कि इस संबंध में जल्द पंचायत की ओर से विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इससे पहले भी कई बार पंचायत ने विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अब पंचायत में प्रस्ताव पारित कर विभाग से समस्या के समाधान की मांग की जाएगी। सड़क संकरा होने और आगे अंधा मोड़ होने के कारण यहां पर दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या का समाधान तभी होगा, जब संकरी सड़क को डंगा लगाकर चौड़ा किया जाएगा। लोगों ने विभाग से सड़क किनारे डंगा लगाने की मांग की है। इस संबंध में सहायक अभियंता अरविंद लखनपाल का कहना है कि समस्या विभाग के ध्यानार्थ है, जल्द इस स्थान पर डंगा लगवा दिया जाएगा।