टौणी देवी (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में मिड-डे मील के राशन में खराबी की शिकायत के बाद दूसरी बार उपशिक्षा निदेशक उच्चतर सोमदत्त सांख्यान जांच के लिए स्कूल पहुंचे तथा दोनों मिड-डे मील वर्करों के बयान दर्ज किए। इससे मामले की जांच अब और तेज हो गई है। इसे बाद में आगामी कार्रवाई के लिए निदेशालय को भेजा जाएगा। अभी तक स्कूल प्रधानाचार्य के बयान दर्ज होने शेष हैं। टौणी देवी स्कूल में मिड-डे मील में घटिया राशन लाने और प्रयोग करने की शिकायत की गई थी। इस पर शिक्षा निदेशालय ने कड़ा संज्ञान लिया तथा इसकी जांच के लिए उपनिदेशक हमीरपुर को आदेश दिए थे। उपनिदेशक ने अगले ही दिन स्कूल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी थी तथा बीते वीरवार दोपहर बाद फिर स्कूल आकर दूसरी बार जांच की। उन्होंने स्कूल की दोनों मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज कर लिए हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान के बयान भी दर्ज कर लिए गए है। जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई के लिए मामले की निदेशालय भेजा जाएगा।