नादौन में स्कूल में भिड़े दो अध्यापक
नादौन (हमीरपुर)। वार्षिक परीक्षाओं के बाद सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के बीच झगड़े आम हो गए हैं। जिला भर के कुछ सरकारी स्कूलों में अध्यापकों के झगड़े थमने का नाम नहीं ले रहे। अभी हमीरपुर का मामला शांत नहीं हुआ है कि अब नादौन क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में ऐसे ही एक मामले की चर्चा दिन भर उपमंडल भर में रही। कम वार्षिक परिणाम को लेकर भी यह स्कूल पिछले दिनों चर्चा में रहा है। हालांकि, इस घटना को लेकर स्कूल प्रशासन सहित स्थानीय लोगों ने भी इस मामले में चुप्पी साध रखी है। कोई भी इस मामले में मुंह खोलने को तैयार नहीं है, लेकिन दिन भर क्षेत्र में ऐसी घटना के बारे कई तरह की बातें लोगों की जुबान पर चलती रहीं। किसी बात को लेकर स्कूल में ही दो अध्यापकों की कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन महेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसी कोई शिकायत अभी तक उनके पास नहीं आई है।