हमीरपुर। हिमाचल बिजली बोर्ड डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डीएम ढटवालिया और महासचिव सतीश धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों को बेवजह लटका रही है। इसे और सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने डिप्लोमा इंजीनियरों को ग्रेड पे वर्षों पहले लागू कर दिया है, लेकिन प्रदेश सरकार ने इस ग्रेड पे को अभी तक हिमाचल में लागू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कई बार इसके बारे में प्रदेश सरकार को अवगत करवाया गया है लेकिन अभी तक इसकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। ढटवालिया का कहना है कि डिप्लोमा जूनियर इंजीनियरों और तकनीकी स्टाफ के हजारों पद खाली पड़े हैं, जिस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जूनियर इंजीनियरों को बिजली बोर्ड की रीढ़ की हड्डी कहा जाता है लेकिन उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि शीघ्र ग्रेड पे लागू करें। ढटवालिया ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 8 अप्रैल को हमीरपुर में होगी। इसमें कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीति बनाई जाएगी।