भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में जाहू कस्बे के साथ बहती स्नैहल खड्ड में अवैध खनन कर रहे एक व्यक्ति का भोरंज पुलिस ने चालान काटा है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक का 5100 रुपये का चालान किया है। भोरंज थाना प्रभारी मुकेश कुुमार ने अपनी टीम के साथ अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए रविवार दोपहर खड्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक ट्रैक्टर चालक खड्ड में अवैध खनन करता हुआ पाया गया। उन्होंने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए चालान किया है। थाना प्रभारी ने उपमंडल के जाहू, बस्सी व तरक्वाड़ी आदि कस्बों में नाके लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए दो दर्जन चालान किए हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि स्नैहल खड्ड का औचक निरीक्षण कर अवैध खनन करने पर एक चालान किया गया है। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के दो दर्जन चालान किए हैं।