सुजानपुर(हमीरपुर)। सैनिक स्कूल सुजानपुर में 40वां वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सैनिक स्कूल छात्र संघ सुजानपुर के पूर्व प्रधान सूरज प्रकाश सिरमौरिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। ग्रुप कैप्टन डॉ. अमित कुमार पॉल व प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कमांडर सचिन वर्मा ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। इस मौके पर छात्रों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि ने सत्र 2016-17 में विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को इनाम व ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। इस वर्ष स्कूल की सबसे प्रतिष्ठित मेजर सुधीर वालिया कॉक हाउस ट्रॉफी से यमुना सदन को सम्मानित किया गया। यमुना सदन को ही एनडीए ट्रॉफी और अन्य शैक्षणिक प्रतिस्पर्धाओं के लिए प्राइमरी ट्रॉफी प्रदान की गई। जेओसी इन वेस्टर्न कमांड ट्रॉफी ब्यास हाउस को प्रदान की गई। शैक्षणिक व साहित्य के लिए ट्रॉफी सतलुज हाउस को प्रदान की गई। कैडेट विपुल चंद्र मेमोरियल ट्रॉफी कैडेट गोविंद पठानिया को दी गई। एनसीसी की तरफ से गोविंद पठानिया, मयंक गुप्ता, हरिदास को एयर फोर्स और नेवी विंग के सर्वश्रेष्ठ कैडेट चुना गया। पूर्व छात्र संघ द्वारा कैडेट अभिषेक चंदेल को उत्तम शैक्षणिक प्रदर्शन और कैडेट अंशुल को खेलों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं दसवीं की परीक्षा में 10 सीजीपीए प्राप्त करने वाले 22 छात्रों के लाल कोट भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर 15वें बैच के पूर्व छात्रों ने स्कूल के लिए एक लाख रुपये के संगीत यंत्र, 35 हजार रुपये की पुस्तकें व एक लाख बीस हजार रुपये की खेल सामग्री भेंट की। मुख्यातिथि ने बच्चों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।