भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महल और राजकीय उच्च विद्यालय कंज्याण में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। दोनों समारोहों में स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल पहुंचने पर मुख्यातिथि का स्कूल प्रशासन ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ खेलकूद सहित अन्य कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के अंत में दोनों स्कूल के मेधावी छात्रों रिया, कंचन, सचिन, विशाल, आरती, भारती, सौरव, नेहा और कल्पना आदि को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान कर्मी धीमान बूथ अध्यक्ष राजेश, पवन ठाकुर, महल में अजय वशिष्ट, ग्राम केंद्र अध्यक्ष सुरेश, बूथ अध्यक्ष ओंकार जोशी आदि उपस्थित रहे।