सुजानपुर (हमीरपुर)। खंड विकास अधिकारी एवं सहायक आयुक्त सुजानपुर मनीष सोनी का तबादला बतौर उपमंडल अधिकारी भरमौर जिला चंबा हुआ है। सोनी ने 22 जनवरी 2018 को सुजानपुर खंड विकास अधिकारी के पद पर ज्वाइन किया था और 4 जुलाई तक सेवाएं दीं। हालांकि अधिकारी मनीष सोनी सुजानपुर उपमंडल में सात जुलाई को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम तक अपनी सेवाएं सुजानपुर में ही देंगे। सोनी ने कहा कि नई जिम्मेवारी के लिए वह तैयार हैं। जनमंच कार्यक्रम को सफल बनाने के बाद विधिवत कार्यभार बतौर एसडीएम भरमौर जिला चंबा संभालेंगे। उधर, उपमंडल अधिकारी सुजानपुर शिवदेव सिंह, तहसीलदार अशोक पठानिया, सुजानपुर पंचायत समिति अध्यक्ष सपना कुमारी, उपाध्यक्ष प्रीतम चंद सहित समस्त पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें एसडीएम का कार्यभार मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।