नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल के साथ लगते थाना क्षेत्र रक्कड़ के अंतर्गत कूहना गांव में पुली से नीचे गिर कर एक युवक बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घायल अंकित शर्मा पुत्र अनिल कुमार निवासी गांव बसालग ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रक्कड़ की ओर से अपने गांव जा रहा था कि कूहना गांव के निकट अपनी स्कूटी खड़ी करके जैसे ही वह पुली पर बैठने लगा तो अनियंत्रित होकर पुली के नीचे गिर गया। जिसे उसके दोस्तों ने बाहर निकाल कर नादौन अस्पताल पहुंचाया। डॉ. दामन ठाकुर ने बताया कि अंकित की आंख और सिर पर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी नादौन महेंद्र परमार ने बताया कि रक्कड़ पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।