सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सलौणी कस्बे में मुख्य बाजार में बिना प्रशासनिक अनुमति के चल रहे चिकन कार्नर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दबिश दी। इस दौरान चिकन कार्नर संचालक विभाग की टीम को न तो लाइसेंस और न तो एनओसी दिखा पाया। टीम ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर बीएमओ गलोड़ को भेज दी है। इसके बाद अब चिकन कार्नर संचालक पर कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला में एक जून को छपे समाचार ‘बिना लाइसेंस व एनओसी चल रहे चिकन कार्नर’ पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए चिकन शॉप पर छापा मारा। चिकन शॉप संचालक विभाग को न तो लाइसेंस दिखा पाया और न ही एनओसी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य पर्यवेक्षक बलवंत सिंह और सलौणी पीएचसी इंचार्ज डॉ. इंदु मौके पर मौजूद रहे। विभाग ने चिकन कार्नर की ओर से फैलाई गई बदबू और अनियमितताओं की रिपोर्ट तैयार कर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर गलोड़ को भेज दी है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बीएमओ गलोड़ एके गौतम ने कहा कि सलौणी बाजार के दुकानदारों की लिखित शिकायत के आधार पर विभाग ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर चिकन शॉप पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, व्यापार मंडल सलौणी के महासचिव चंद्र भाटिया और पूर्व वार्ड पंच हेमराज शर्मा ने विभागीय कार्रवाई का स्वागत किया है।