सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत खैरी में पेयजल पाइप लाइन से सीधा कनेक्शन लेने पर विभाग ने पांच पाइपें जब्त कर ली हैं। यह सभी कनेक्शन अवैध रूप से लिए गए थे। गर्मियों में पेयजल की किल्लत न हो इसके लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुजानपुर शहर के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने 2 टीमों का गठन किया है। जो पूरे शहर का निरीक्षण कर रही हैं। विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि टुल्लू पंप का प्रयोग न करें और न ही पाइपों से अवैध कनेक्शन लें। जांच के दौरान अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कनिष्ठ अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि पेयजल किल्लत न हो इसके लिए दो टीमों का गठन किया गया है। जो लगातार निरीक्षण कर रही हैं। खैरी में पांच पाइपें अवैध कनेक्शन लेने पर जब्त की गई हैं।