जाहू (हमीरपुर)। स्थानीय बस अड्डे के साथ लगती एक मिठाई की दुकान पर काम करने वाले सोलन जिला के युवक की पेट में अचानक दर्द पड़ने से मौत हो गई है। सोलन जिले के स्पाटू का रहने वाला 26 वर्षीय विक्रम पिछले करीब तीन सालों से जाहू में दुकान पर काम करता था। दुकान मालिक मनोज कुमार ने बताया कि वीरवार रात को उसे अचानक पेट में दर्द उठी। इस कारण उसे साथ लगते मंडी जिले के बलद्वाड़ा अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात को ही मृतक के घर वालों को इसकी सूचना दी गई जो शुक्रवार सुबह जाहू पहुंचे और जाहू में ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस में मामला दर्ज नहीं है। जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, जाहू पंचायत प्रधान राजू, उपप्रधान चमन लाल, महासचिव सीता राम धीमान, अजीत सिंह व अन्य दुकानदारों ने विक्रम की अचानक मौत पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि युवक एक मिलनसार और ईमानदार लड़का था।