उच्चतर शिक्षा विभाग ने शिक्षा निदेशालय भेजी थी 151 स्कूलों की सूची
स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए स्कूलों के नाम चयनित, शीघ्र शुरू होगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एजुकेशन हब हमीरपुर में 151 सरकारी स्कूलों को मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस योजना में शामिल किया गया है। उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर ने छह शिक्षा खंडों से इन स्कूलों का चयन कर रिपोर्ट को चार माह पूर्व शिक्षा निदेशालय भेजा था। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू किए जाने की योजना है। सरकार की इस योजना के तहत इन स्कूलों में विद्यार्थियों को स्कूलों में पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। विभाग की तरफ से इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निदेशालय से मंजूरी मिलते ही इन स्कूलों में जरूरी संसाधनों को जुटाने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। योजना के तहत यह विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि उन स्कूलों का इस योजना में चयन हो जहां पर बच्चों की संख्या बेहतर है। चयनित स्कूलों में हर कक्षा के लिए अलग-अलग अध्यापक की तैनाती होगी। इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षा के गुणवत्ता के स्तर में सुधार होगा। इसके अलावा इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम की सुविधा भी विद्यार्थियों को मिलेगी। इस बारे में उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कौशल ने कहा कि जिले के 151 स्कूलों को मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस योजना में शामिल किया गया है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा मिलेगी। अंग्रेजी माध्यम से लेकर डिजिटल कंप्यूटर सिस्टम से पढ़ाई करेंगे।