सुजानपुर/हमीरपुर। जिलाभर में वीरवार तड़के बारिश से तापमान में गिरावट आई है। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। सुजानपुर में सुबह हुई बारिश से पूरे रास्ते पानी से लबालब भर गए। बस स्टैंड पानी में जलमग्न हो गया। वहीं, अंधड़ से बस स्टैंड पर बने रेन शेल्टर की टीन हवा में उड़ गई। ग्रीष्म ऋतु में बारिश से लोगों को राहत मिली है। मुश्किलें भी खड़ी हुई हैं। सुजानपुर ब्यास पुल पर पानी जमा होने और मिट्टी के पानी में घुलने के कारण पुल पर कीचड़ का आलम बन गया है। इस कारण वाहन चालकों सहित राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, बारिश ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को ठंडक तो प्रदान की है, लेकिन कई जगह तेज हवाओं से आम का अंकुर भी झड़ गया। इससे आम की फसल भी प्रभावित होगी। मई माह में भी सुबह सवेरे लोगों को ठंडक का एहसास हुआ।