टौणी देवी (हमीरपुर)। विकास खंड बमसन के अंतर्गत पड़ते विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त चल रहे पदों को भरने के लिए 17 अगस्त को साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी के कार्यालय में साक्षात्कार लिए जाएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्याण सिंह ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र अम्मण पटवारियां, आंगनबाड़ी केंद्र घलेड़ा, आंगनबाड़ी केंद्र संगराह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी केंद्र बङहणी और आंगनबाड़ी केंद्र बल्यूट में आंगनबाड़ी सहायिका के पद भरे जाने हैं। उक्त पदों की भर्ती के लिए 21 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिला अभ्यर्थी सादे कागज पर आवेदन कर सकती हैं। इसके साथ परिवार की वार्षिक आय 35,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम दसवीं और आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम आठवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।