नादौन(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में वीरवार दोपहर को आधा घंटा जाम लगने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इस कारण वाहन चालकों, यात्रियों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। नादौन बस स्टैंड से मजदूर चौक तक एनएच-88 पर आए दिन जाम की समस्या रहती है। इस कारण यहां पर रोजाना वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। इस जाम का मुख्य कारण कुछ स्थानीय व्यापारियों द्वारा वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना और सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण है। हालांकि पुलिस ने यहां ट्रैफिक व्यवस्था पर काबू करने के लिए होमगार्ड तैनात कर रखे हैं, लेकिन होमगार्ड कर्मचारी भी अतिक्रमण के आगे बेबस हैं। वीरवार को जाम लगने के कारण लोगों को आने-जाने में देरी हुई। वहीं कई लोग तो पैदल ही बस स्टैंड तक अगली बस लेने के लिए चले गए। लोगों ने बस स्टैंड से लेकर मजदूर चौक तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था करके इसका समाधान करने की मांग को उठाई है। स्थानीय लोगों सुनील, वेद, सन्नी, संजीव, सोनू, जोनी, काकू, राजेश आदि लोगों ने समस्या के समाधान की मांग की है। डीएसपी हमीरपुर रेणू शर्मा का कहना है कि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निपटने के लिए नादौन थाना प्रभारी को सूचित कर दिया गया है।