बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल के तहत मैहरे कस्बा में बुधवार रात को बिजली बंद होने से आधा दर्जन उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। उपभोक्ताओं ने रात को बिजली गुल होने पर अपनी नाराजगी जताई है। उपभोक्ताओं में रोशन लाल बन्याल, राज कुमार, राकेश कुमार, जगदेव चंद का कहना है कि शाम को कस्बा के आधा दर्जन घरों की बिजली बंद हो गई तथा शिकायत करने पर वीरवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई है। उन्होंने कहा कि बार बार बिजली गुल होने से परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली के अभाव में बच्चे पढ़ाई करने से वंचित रहे। वहीं गृहणियों को भी घर का काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली आपूर्ति सुचारु रखने का आग्रह किया है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने बिजली बोर्ड से बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से करने का आग्रह किया है। उधर, अधिशासी अभियंता सुरेश पटियाल ने का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिसे ठीक कर दिया गया है। आगे से बिजली आपूर्ति सुचारु रहेगी।