हमीरपुर। हमीरपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से अब 11 प्रत्याशियों के बीच आने वाले 19 मई को मुकाबला होगा। वीरवार को चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार नामांकन वापसी की तारीख तय थी लेकिन, हमीरपुर सीट से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद जिला निर्वाचन विभाग ने सभी 11 प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए। 22 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय के तौर पर 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे थे। 30 अप्रैल को छंटनी के दौरान तीन प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हुए। जबकि, 11 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के उपरांत सही पाए गए। कांग्रेस से कवरिंग प्रत्याशी धर्मेंद्र सिंह पटियाल और भाजपा से कवरिंग प्रत्याशी प्रवीण शर्मा का नामांकन भी रद्द हुआ था। जबकि आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा न कर पाने के कारण स्वाभिमान पार्टी से राजेश कुमार का नामांकन रद्द किया गया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से उम्मीदवार अनुराग सिंह ठाकुर, इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी से राम लाल ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी से देशराज, बहुजन मुक्ति पार्टी से राम सिंह शुक्ला, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लाक से तुलसी राम शर्मा, सत्य बहुमत पार्टी से कृष्ण गोपाल, पांच निर्दलीय प्रत्याशियों आशीष कुमार, अशोक कुमार, राधा कृष्ण, प्रवीण ठाकुर तथा विकास कुमार के नामांकन पत्र सही पाए गए। वीरवार को इनमें से किसी ने भी अपना नामांकन वापस नहीं लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रिचा वर्मा ने बताया कि 2 मई शाम 3 बजे तक हमीरपुर सीट से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। अब 19 मई को लोकसभा को लेकर मतदान होगा। 23 मई को मतों की गणना की जाएगी।
इनसेट:
प्रत्याशियों को यह चुनाव निशान मिले
भाजपा अनुराग ठाकुर कमल का फूल
कांग्रेस रामलाल ठाकुर हाथ
एसबीपी कृष्ण गोपाल ब्लैकबोर्ड
फॉरवर्ड ब्लॉक तुलसी राम शर्मा शेर
बीएसपी देशराज हाथी
निर्दलीय आशीष कुमार मोतियों का हार
निर्दलीय अशोक कुमार फुटबॉल
बीएमपी राम सिंह शुक्ला कोट
निर्दलीय प्रवीण ठाकुर कैमरा
निर्दलीय राधाकृष्ण हेलीकॉप्टर
निर्दलीय विकास कुमार कंप्यूटर