अवाहदेवी (हमीरपुर)। पुलिस चौकी अवाहदेवी के तहत एनएच-70 पर निगम की बस और बाइक हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को टौणी देवी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। रविवार शाम को समीरपुर निवासी विपन कुमार पुत्र जगीर चंद और अमित कुमार पुत्र जीवन सिंह बाइक पर सवार होकर पंजोत की ओर जा रहे थे। वहीं, हमीरपुर की ओर से निगम की बस जम्मू से सरकाघाट की ओर आ रही थी। टिक्करी गांव के पास बाइक की टक्कर बस से हो गई। लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर सड़क तंग है। जिस कारण यह टक्कर हुई है। चौकी प्रभारी बांकू राम का कहना है कि घायल दोनों युवकों को टौणी देवी अस्पताल ले गए। जहां से उन्हें हमीरपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।