हमीरपुर। प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज का पीजीटी का पदनाम प्रवक्ता करने, उपप्रधानाचार्य का पद सृजित करने और कम परीक्षा परिणाम आने के कारण भेजे नोटिस रद्द करने आदि मांगों को पूरा करने पर धन्यवाद किया है। संघ के पदाधिकारियों ने मांग उठाई कि उपप्रधानाचार्य के पद की व्यवस्था तब तक न करें जब तक पदोन्नत प्रवक्ता और सीधी भर्ती वाले प्रवक्ता की वरिष्ठता सूची 1:1 के आधार पर अन्य विभागों की तर्ज पर नहीं बन जाती। पदाधिकारियों ने आह्वान किया कि प्रधानाचार्य बनने का कोटा जोकि सीधी भर्ती वाले प्रवक्ता और मुख्याध्यापक के बीच 50 : 50 है, इसमें किसी भी तरह का बदलाव न किया जाएं, क्योंकि मुख्याध्यापक के पीछे 26000 का टीजीटी कैडर है। इतनी बड़ी संख्या के हिसाब से मुख्याध्यापक का 80 फीसदी और सीधी भर्ती वाले प्रवक्ता का मात्र 20 फीसदी कोटा होना चाहिए। संघ के प्रदेश प्रधान रत्नेश्वर सलारिया, सचिव यशवीर जंवाल, वित्त सचिव महिंद्र गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास धीमान आदि ने कहा कि मुख्याध्यापक से प्रधानाचार्य बनने के कोटे में किसी भी प्रकार की कटौती की गई तो संघ को संघर्ष का बिगुल बजाना पड़ेगा।