हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत बजूरी गांव के पास एक ट्रक वीरवार देर रात छह फीट ऊंची ढांक से लुढ़क गया। ट्रक लुढ़कने से चालक उसमें फंस कर घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को ट्रक से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। लक्षित ठाकुर पुत्र विजय कुमार निवासी गांव बजूरी डाकघर, तहसील और जिला हमीरपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वीरवार रात को जब वह अपने घर पर सोया हुआ था तो रात करीब पौने दो बजे उसे कुछ गिरने की आवाज आई, जिसे सुनकर वह तुरंत सड़क पर आया और देखा एक ट्रक सड़क से करीब छह फीट नीचे लुढ़का हुआ था। ट्रक चालक अंदर फंसा हुआ था, जिसे पुलिस ने बाहर निकाला और एंबुलेंस से हमीरपुर अस्पताल भेजा। उसका कहना है कि यह हादसा ट्रक चालक की लापरवाही और तेजरफ्तार के कारण हुआ है। एसपी रमन कुमार मीणा का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है।