हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-2 के अंतर्गत गांव प्लासी, ग्राम पंचायत फाहल में रविवार को एक दिवसीय जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें 50 किसानों ने भाग लिया। शिविर में खंड परियोजना प्रबंधक जीत राम ने बताया कि गांव प्लासी में जायका की ओर से उठाऊ सिंचाई उप-परियोजना का निर्माण किया जा रहा है।
इसमें 11.74 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचित किया जाएगा और लगभग 60 किसान परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य कृषि आधारित रोजगार सृजन और उच्च गुणवत्ता वाली फसल की खेती, मूल्यवर्धन और विपणन के लिए स्थायी विविधिकरण के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि होगी। इसके माध्यम से सिंचाई सुविधाओं का विकास, डैम ट्यूबवेल, पंप हाउस, सोलर सिस्टम, जमीन के नीचे से पाइप सेपानी वितरण सिस्टम, टैंक, स्प्रिंकलर, ट्रांसफार्मर आदि का संचालन, रख रखाव, कृषि, सड़कों का सुदृढ़ीकरण, मशरूम और फलों सहित उच्च मूल्य वाली फसल की खेती पर प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रदर्शन प्लाॅट लगाए जाएंगे। इस परियोजना के माध्यम से फसलों की उत्पादकता बढ़ाना, फसल पैदा करने के कार्यों में तीव्रता लाने के लिए कृषि मशीनरी और औजारों को उपलब्ध करवाया जाएगा। कस्टम हायरिंग के आधार पर कृषि मशीनरी के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। शिविर में किसान विकास संगठन का गठन किया गया। इसमें भगवान दास ठाकुर को प्रधान, कर्म सिंह को उप-प्रधान, जसंवत को सचिव, पृथी सिंह को सह सचिव और जसंवत को कोषाधिकारी व प्रमिला को सदस्य सर्वसहमति से बनाया गया। संगठन का पंजीकरण सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 2006 के अंतर्गत किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि विशेषज्ञ किरण कुमारी, नैन्सी बनयाल (कृषि अधिकारी), अतुल सोनी, तमन्ना (कृषि विशेषज्ञ) भी उपस्थित रहे।