हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश सहकारी सभाएं सहायक पंजीयक विभाग हमीरपुर में वीरवार को दि बल्यूट सहकारी सभा के डिफाल्टरों को बुलाया गया। इस दौरान सभा से ऋण लेने वाले लोगों से कड़ी पूछताछ की गई। दो दर्जन से अधिक लोगों ने विभाग के अधिकारियों को बताया कि उन्होंने सोसायटी से कोई लोन नहीं लिया है। पिछले साल सोसायटी में हुए करोड़ों रुपये के गबन के दौरान तत्कालीन सोसायटी के सचिव ने यह हेराफेरी की है। सभा का सचिव अप्रैल 2017 से ही गायब है। पुलिस जगह-जगह उसे ढूंढने का प्रयास कर रही है लेकिन अभी तक आरोपी सचिव का कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं इस दौरान सोसायटी के ऑडिट में दर्जनों लोगों के लोन अकाउंट निकले हैं। कइयों के नाम पर तीन से पांच लाख रुपये तक लोन है। जिसकी जांच के लिए विभाग ने वीरवार को सोसायटी के लोगों को हमीरपुर कार्यालय में बुलाया था। उधर, जिला अंकेक्षण अधिकारी नरेंद्र शर्मा ने कहा कि सोसायटी में गबन और लोन दोनों मामलों की जांच चल रही है।