जलाड़ी/बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की टिब्बी बड़ से साधबड़ सड़क खस्ता हालत हो गई है। बरसात के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है। इस कारण राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, नगर पंचायत नादौन के वार्ड नंबर-7 में कच्चे रिहायशी मकान की रसोई भारी वर्षा के कारण गिर गई। रसोई गिरने से अंदर रखा सारा राशन का सामान और राशन मलबे में दबकर खराब हो गया। घर के मालिक जीवन कुमार ने बताया कि रसोई घर गिरने के साथ-साथ मकान के अन्य भागों में भी दरारें आई हैं। नगर पंचायत प्रधान रीना देवी ने सूचना मिलने पर मौके का दौरा किया। रीना देवी और वार्ड पार्षद अंजना चौधरी ने प्रशासन से परिवार की सहायता की मांग की है। वहीं ग्राम पंचायत उसनाड कलां में मंगलवार दोपहर हुई बारिश से पशुशाला गिर गई। सुरेश कुमार पुत्र ब्रह्म दास गांव घाटा पंगा की पशुशाला गिरने से भारी नुकसान हुआ है। पंचायत प्रधान लीला देवी ने बताया कि बारिश के कारण सुरेश कुमार की पशुशाला गिर गई हैै। इसकी जानकारी राजस्व विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।