सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में शरारती तत्वों की ओर से जंगलों में आग लगाने का सिलसिला लगातार जारी है। जंगलों को आग लगाकर वन संपदा के साथ जंगली जानवरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वन विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद इसका कोई असर शरारती तत्वों पर नहीं हो रहा है। सुजानपुर उपमंडल के तहत पंचायत खैरी के गांव जाखू के साथ लगते जंगल में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए आग पर काबू पाया। सुजानपुर दमकल चौकी प्रभारी ललित कुमार ने कहा कि खैरी पंचायत के जाखू गांव के साथ लगते जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला और 60 मिनट के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि जंगलों में आग न लगाएं। ऐसा कार्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसमें उम्र कैद तक का प्रावधान रखा गया है।