नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल के बटाहली गांव के मंदिर परिसर में खेल रहे बच्चों पर बंदरों के एक झुंड ने हमला कर दिया। हालांकि इस हमले के कारण किसी बच्चे को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रत्यक्षदर्शी रिटायर्ड मेजर टीआर स्याल ने बताया कि रोजाना की तरह स्कूल से आने के बाद बच्चे मंदिर परिसर में खेल रहे थे कि अचानक बंदरों के झुंड ने बच्चों पर हमला बोल दिया। उन्होंने बताया डर के मारे बच्चे चिल्लाने लगे और वह मंदिर के अंदर भाग कर उनके साथ लिपट गए। स्याल ने बताया कि किसी तरह से शोर आदि मचा कर बंदरों को वहां से भगाया। गांव के लोग लंबे समय से बंदरों के इस आतंक से परेशान हैं और कई बार विभाग से मांग करके इस समस्या के स्थायी समाधान बारे आग्रह कर चुके हैं। आज तक उनकी इस समस्या का समाधान नहीं करवाया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।