गलोड़ (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़ में सर्वशिक्षा अभियान व राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत नौवीं और दसवीं कक्षा की छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में लगभग अस्सी छात्राओं ने भाग लिया। दस दिवसीय शिविर के दौरान छात्राओं को पुलिस विभाग हमीरपुर की कांस्टेबल ज्योति द्वारा कराटे का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के उपरांत प्रधानाचार्य मदन लाल बन्याल ने प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रधानाचार्य मदन लाल ने कहा कि आजकल के हालात को देखते हुए हर लड़की को आत्मरक्षा के गुण सीखने चाहिए। आज के युग में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं। चाहे वह कोई भी क्षेत्र क्यों न हो और सरकार भी लड़कियों की रक्षा और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।