बड़सर (हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग बड़सर ने पेयजल के दुरुपयोग पर 10 पेयजल कनेक्शन सील कर दिए हैं। दो परिवार टुल्लू पंप लगाकर पेयजल सप्लाई को बाधित कर रहे थे। ऐसे में विभाग ने दोनों परिवारों के घर पर लगे टुल्लू पंप भी जब्त किए हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल की किल्लत से लोगों को परेशान न होना पड़े, इसके लिए विभाग ने यह कार्रवाई की है। विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रेम दत्याल ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ गांव हार, टिक्कर, संगारल, बड्डू जजल, गुतयाना का दौरा किया। उन्होंने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 10 नल सील किए हैं। इसके अलावा दो टुल्लू पंप जब्त किए हैं। कनिष्ठ अभियंता प्रेम दत्याल ने बताया कि कुछ लोग पेयजल का दुरुपयोग कर रहे थे, जिस पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि पेयजल का दुरुपयोग न करें। अगर कोई टुल्लू पंप का प्रयोग करता है तो उनके नल सील कर दिए जाएंगे।