मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को 8 फीसदी महंगाई भत्ता जारी करने का ऐलान किया है। डीए जनवरी 2013 से लंबित था।
अगस्त से महंगाई भत्ता कर्मचारियों को वेतन और पेंशनरों को पेंशन में मिलेगा। इस देयता पर सालाना 400 करोड़ का खर्च आएगा।
मुख्यमंत्री मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में राज्य स्तरीय 67वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर वीरभद्र सिंह ने कौशल विकास भत्ता योजना के सरलीकरण का भी ऐलान किया। इस योजना से ज्यादा युवाओं को लाभ देने के लिए आयु सीमा का दायरा अब 25 के बजाय 18 से 35 वर्ष होगा।
शैक्षणिक योग्यता भी 12वीं से घटाकर 10वीं कर दी गई। अब आवेदन तिथि से 2 साल पहले रोजगार कार्यालयों में नाम दर्ज होने की शर्त भी नहीं होगी।
युवाओं को प्रार्थना पत्र देने की तिथि से ही रोजगार कार्यालयों में अपना नाम दर्ज करवाना होगा।
अब युवाओं को मजिस्ट्रेट का जारी रोजगार प्रमाण पत्र भरने के स्थान पर अपने बेरोजगार होने के बारे में खुद ही शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा।
सीएम की अन्य घोषणाएं
- मंडी सदर में उप तहसील कोटली को तहसील का दर्जा
- स्वतंत्रता सेनानियों को 7500 रुपये के स्थान पर 10000 रुपये प्रतिमाह मानदेय
- पूर्व सैनिकों की विधवाओं और अविवाहित पुत्रियों को 3500 के स्थान पर 5000 रुपये प्रति माह मानदेय