हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर धर्मशाला में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक ही होटल रेडिसन ब्लू में ठहरेंगे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 16 नवंबर से तपोवन में शुरू होने जा रहे शीतकालीन सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार सत्र के दौरान एक खास व्यवस्था देखने को मिलेगी। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक ही होटल में ठहरेंगे। सभी विधायकों के आवास की प्रमुख व्यवस्था एचपीसीए के होटल रेडिसन ब्लू में की गई है। इससे पहले अलग-अलग स्थानों पर ठहरने की व्यवस्थाएं भी की जाती रही हैं, लेकिन इस बार दोनों पक्षों के विधायकों के लिए एक ही होटल को केंद्र बनाया गया है।
विज्ञापन
आवास व्यवस्था में विधायकों की सुविधा और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अस्वस्थ चल रहे कुछ विधायकों के लिए उनकी पसंद और जरूरत के अनुरूप अलग से ठहरने की व्यवस्था की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री धर्मशाला स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के लिए उनके संबंधित विभागों के विश्राम गृहों में आवास का प्रबंध किया जा रहा है। शिमला सचिवालय से सत्र में भाग लेने और विभिन्न विभागीय कार्यों के लिए पहुंचने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था भी जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है। इसके लिए धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न होटलों को चिन्हित किया गया है। अधिकारियों के ठहरने, परिवहन और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
शीतकालीन सत्र की व्यवस्थाओं को लेकर कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा समय समय पर तपोवन विधानसभा परिसर का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति जांची जा रही है जबकि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। उपायुक्त के अनुसार सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
Trending Videos
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
सत्र के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों की आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने, स्वच्छता बनाए रखने और आवश्यक सेवाओं को निर्बाध जारी रखने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सत्र शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
तपोवन में बदले जा रहे ऑडियो-वीडियो और अग्निशमन सिस्टम
इस बार विधानसभा परिसर तपोवन में तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी अपग्रेड किया जा रहा है। सदन के भीतर ऑडियो और वीडियो सिस्टम को बदलने का कार्य किया जा रहा है, ताकि सत्र की कार्यवाही के दौरान ध्वनि और दृश्य प्रसारण में किसी तरह की तकनीकी बाधा न आए। इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था को भी बदला जा रहा है। फायर फाइटिंग सिस्टम को दुरुस्त और आधुनिक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
तपोवन में डॉक्टरों की दो टीमें संभालेंगी मोर्चा, दो एंबुलेंस भी रहेंगी तैनात
तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में 16 नवंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सत्र के दौरान डॉक्टरों की टीम के साथ दो एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसमें एक एंबुलेंस विधानसभा परिसर और एक जोरावर स्टेडियम में तैनात रहेगी। इनका आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा धर्मशाला के क्षेत्रीय अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में दो-दो वीवीआईपी कमरों (स्पेशल वार्ड) की व्यवस्था भी रहेगी।
जिला प्रशासन की ओर से सभी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा परिसर में एक महिला और एक पुरुष चिकित्सक के साथ फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहेगा। जरूरत पड़ने पर वहां आने वाले लोगों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। अगर स्थिति बिगड़ती है तो 108 एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को टांडा या धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया जाएगा। विधानसभा परिसर के लिए चिकित्सकों की टीम धर्मशाला अस्पताल से मुहैया करवाई जाएगी।
अस्पताल प्रशासन को जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आदेश जारी किए हैं। धर्मशाला के तपोवन में 16 नवंबर से 21 नवंबर तक विधानसभा का शीत सत्र चलेगा। 15 नवंबर को मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रियों सहित विधायक धर्मशाला पहुंच जाएंगे। धर्मशाला अस्पताल में विधानसभा सत्र के दौरान वीवीआईपी के लिए दो विशेष कमरों को तैयार किया गया है। इसमें विशेष मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम भी किया गया है।
विभाग की ओर से तैयारियां कर ली गई हैं और सत्र के दौरान टीमों की तैनाती वहां की जाएगी। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति के लिए धर्मशाला अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में दो-दो विशेष वार्डों की व्यवस्था की गई है। - डॉ. ओमेश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा